चान्हो: प्रखंड क्षेत्र के तरंगा स्थित भवानी चौक से चोरेया मोड़ तक लगभग 7 किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क की स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है। सड़क निर्माण कार्य के दौरान दोनों ओर डाली गई मिट्टी बारिश में बहकर सड़क पर फैल गई है, जिससे आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, सड़क पर जमा फिसलन भरी मिट्टी दुर्घटना की आशंका को लगातार बढ़ा रही है। इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क का शिलान्यास विधानसभा चुनाव के समय किया गया था, किंतु एक वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद धीमी है। लोगों ने जिला प्रशासन से सड़क मरम्मत कार्य को शीघ्र पूर्ण करने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।







